केशकाल , मार्च 06 -- छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने राजस्थान के अंतरराज्यीय गांजा तस्कर शैतान सिंह गौर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 112 किलोग्राम से अधिक गांजा और एक कार बरामद की है। बरामद गांजे की कीमत करीब 11.20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारीदी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर अवैध गांजा और शराब तस्करी तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को यह कार्रवाई हुई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक काली रंग की कार में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। तस्कर जगदलपुर-केशकाल मार्ग से होकर गुजरने वाले थे। सूचना पर थाना केशकाल के सामने नाका लगाकर वाहन की घेराबंदी की गई।
कुछ देर बाद जब संदिग्ध कार वहां पहुंची तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक ने रुकने के बजाय कांकेर की ओर तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और पुलिस सहायता केंद्र दादरगढ़ के प्रभारी को स्थिति से अवगत कराया। वहां कैंप के सामने बैरिकेड लगाकर कार को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन भाग रहे वाहन चालक ने बैरिकेडिंग को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया।
पुलिस को चकमा देने की कोशिश में चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शैतान सिंह गौर (28) पुत्र महावीर सिंह गौर, निवासी मुरलिया, तहसील बैगुन, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) बताया।
पुलिस ने मौके पर मुखबिर सूचना के आधार पर कार की तलाशी ली। कार की डिक्की के अंदर से भूरे रंग के सेलो टेप से पैक किए गए कुल 27 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों का कुल वजन 112.076 किलोग्राम था। बाजार में गांजे की कीमत 11,20,760 रुपये आंकी गयी और पुलिस ने कार को जब्त कर लिया।
गांजा तस्कर के खिलाफ थाना केशकाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास बघेल, सउनि सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक प्रशांत जुर्री, आरक्षक मानिक मरापी, गिरधारी नेताम, कमलेश कंवर, अमित मण्डावी एवं गोपनीय सैनिक आत्मानंद कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित