श्रीगंगानगर , फरवरी 11 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क दुर्घटना में मृत महिला पुलिस निरीक्षक ज्योति नायक का दोपहर बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इससे पहले जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया, जहां बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर को अबोहर मार्ग स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में लाया गया। यहां पुलिस टुकड़ी ने उन्हें शोकपूर्ण सलामी दी और उनके शव को तिरंगे में लपेटा गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, जिले के अन्य उच्च अधिकारी, कांग्रेस विधायक शिमला नायक, जिला प्रमुख दूलाराम नायक, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अंकुर मगलानी, पूर्व अध्यक्ष कपिल असीजा, कांग्रेस नेता प्रेम भाटिया, निजी बस संचालक संघ के अध्यक्ष सोनू अनेजा, पूर्व विधायक राजकुमार गौड़, सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी कल्याण संघ के पदाधिकारी और अन्य कई गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्प चक्र, मालाएं और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

तत्पश्चात उनके पार्थिव शरीर को फूलों से सजे पुलिस वाहन में पदमपुर मार्ग पर कुंज विहार कॉलोनी स्थित उनके निवास पर ले जाया गया। अपराह्न साढ़े चार बजे पदमपुर मार्ग स्थित कल्याण भूमि में उनकी अंत्येष्टि राजकीय सम्मान पूर्वक की गई। अंत्येष्टि के दौरान भी पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और शहर के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

श्रीमती ज्योति नायक श्रीगंगानगर में महिला थाना की प्रभारी के रूप में कार्यरत थीं। वह अपनी रात्रि गश्त की ड्यूटी पर ही इस हादसे का शिकार हुईं। वह अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता के लिए जानी जाती थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित