देहरादून, अप्रैल 07 -- त्तराखंड में देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल द्वारा जनपद देहरादून में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों की प्रभावी निगरानी के उद्देश्य से पब, बार, रेस्टोरेंट मालिकों के साथ एक बैठक की थी।

जिसके उपरांत अधीनस्थ अधिकारियों को शहर के विभिन्न पब, बार एवं होटल प्रतिष्ठान स्वामियों,संचालको से समन्वय स्थापित करते हुए प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस लिये जाने हेतु निर्देशित किया गया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार निर्देशों के अनुपालन में देहरादून पुलिस की टीमों द्वारा मंगलवार को जनपद के प्रमुख पब, बार एवं होटल संचालकों से समन्वय स्थापित कर उनके प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी सिस्टम को पुलिस निगरानी तंत्र से जोड़ा जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर घटनाओं की तत्काल समीक्षा एवं जांच की जा सके।

जनपद देहरादून पुलिस द्वारा जारी मुहीम के तहत जनपद के सभी प्रमुख होटल, बार एवं पब प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी सिस्टम का एक्सेस लेते हुए उन पर सतर्क दृष्टि रखी जानी है।

इस कार्रवाई के लिए टेक्निकल टीम का गठन किया गया है । जिनके द्वारा जनपद के सभी प्रमुख होटल, बार एवं पब प्रतिष्ठानों के स्वामियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अब तक 50 प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों के एक्सेस प्राप्त कर लिये हैं, जिनकी कंट्रोल रूम के माध्यम से निगरानी की जा रही है।

एसएसपी दून की मुहिम से प्रतिष्ठानो की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ साथ नियमों का उल्लघंन करने वालो पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम की जा सकती है साथ ही किसी घटना के घटित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित