चंडीगढ़ , जनवरी 22 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर 40 में गुरुवार को पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

आरोप है कि एक व्यक्ति ने बाउंसरों के साथ मिलकर महिलाओं के साथ मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाउंसर जबरन महिलाओं के घरों में घुसगये और उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन पुलिस मूक दर्शक बनी रही।

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते हस्तक्षेप करती, तो हालात इतनेनहीं बिगड़ते। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता और ढिलाई के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक, विशेषकर महिलाएं, खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि पार्किंग को लेकर मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने बाउंसरों को बुला लिया, जिन्होंने खुलेआम गुंडागर्दी की। इस दौरान महिलाओं को धमकाया गया और उनके साथ मारपीट की गयी।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जतायी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित