श्रीगंगानगर , दिसम्बर 22 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में स्थित सूरतगढ़ तापीय परियोजना की आवासीय कॉलोनी में विगत कुछ वर्षों में हुई करीब दो दर्जन चोरियों का खुलासा न होने पर विद्युत उत्पादन कर्मचारी यूनियन (इंटक) द्वारा मंगलवार को प्रस्तावित धरना स्थगित कर दिया गया है।
यह फैसला सोमवार को राजियासर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक कलावती चौधरी, थर्मल अतिरिक्त मुख्य अभियंता रविन्द्र बलानी सहित थर्मल के अन्य अधिकारियों से इंटक प्रदेश महामंत्री श्यामसुंदर शर्मा के नेतृत्व में हुई वार्ता के बाद लिया गया। वार्ता में पुलिस और थर्मल प्रशासन ने सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाने का आश्वासन दिया, जिससे यूनियन संतुष्ट हुई।
श्री श्यामसुंदर शर्मा ने बताया कि वार्ता के दौरान राजियासर थाना प्रभारी कलावती चौधरी ने नागरिकों की सुरक्षा और अपराधों पर अंकुश लगाने को अपना पहला कर्तव्य बताते हुए कहा कि थर्मल कॉलोनी सहित पूरे थर्मल क्षेत्र में गश्त पहले से ही की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि गश्त को और बढ़ा दिया जाएगा, ताकि चोरियों और अन्य अपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित