भोपाल , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी भोपाल में अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम तथा सूचना का अधिकार अधिनियम विषयों पर आयोजित दो दिवसीय सेमिनार का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
सेमिनार का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों की विधिक समझ को सुदृढ़ करना, संवेदनशील प्रकरणों में विधि अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पुलिस की विभिन्न इकाइयों से आए अधिकारियों को संबंधित अधिनियमों के नवीनतम संशोधनों और न्यायालयों द्वारा दी गई कानूनी व्याख्याओं से अवगत कराया गया। केस स्टडी के माध्यम से जटिल प्रकरणों के प्रभावी क्रियान्वयन और विधिक प्रक्रियाओं के व्यावहारिक पक्षों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
समापन अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी के उपनिदेशक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए और कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारियों की पेशेवर दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित