खरगोन , मार्च 07 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के भगवानपुरा क्षेत्र के सिरवेल गांव के पास हुए एक सड़क हादसे में पुलिया से करीब 20 फीट नीचे गिरी गर्भवती महिला को राहगीरों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। समय पर मिली मदद से महिला और नवजात दोनों सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार मोहराडी निवासी हीरालाल अपनी गर्भवती पत्नी पेरुबाई और भाभी को शुक्रवार शाम दुपहिया वाहन से सिरवेल स्थित शासकीय अस्पताल लेकर जा रहा था। इसी दौरान पुलिया पर सामने से आ रहे अज्ञात दोपहिया वाहन ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सवार बाइक सहित पुलिया से नीचे जा गिरे। इस बीच टक्कर मारने वाले लोग नहीं रुके और घटनास्थल से फरार हो गये।
हादसे में दुपहिया वाहन पुलिया के नीचे चट्टानों पर जा गिरी, जबकि तीनों लोग पानी भरे गड्ढे में गिर पड़े। घटनास्थल पर चारों ओर पत्थर और नुकीली चट्टानें होने के बावजूद तीनों की जान बच गई और उन्हें गंभीर चोट भी नहीं आई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे सिरवेल निवासी समाजसेवी विक्रम ठाकुर और रमेश सोलंकी ने हादसे को देखा और तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की। उन्होंने ग्रामीणों की सहायता से गर्भवती महिला को पुलिया के नीचे से ऊपर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद उमरिया पंचायत सचिव प्रवीण जायसवाल को मोबाइल पर घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही प्रवीण जायसवाल ग्रामीण बाठिया कनासे के साथ चारपहिया वाहन से मौके पर पहुंचे। सभी की मदद से घायल दंपती और उनकी भाभी को सिरवेल अस्पताल पहुंचाया गया।
खरगोन के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दौलत सिंह चौहान ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराने के कुछ ही समय बाद गर्भवती महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। प्राथमिक उपचार के बाद मां और नवजात को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां दोनों का आवश्यक उपचार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित