नयी दिल्ली , अप्रैल 10 -- केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कतर के ऊर्जा कार्य राज्य मंत्री और कतर एनर्जी के अध्यक्ष तथा सीईओ साद शेरिदा अल-काबी से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा की है, जिनमें उच्च स्तरीय बैठकें, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, संस्कृति और दोनों देशों के बीच जन-संपर्क शामिल हैं।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि श्री पुरी दो दिवसीय यात्रा पर नौ अप्रैल कतर की राजधानी दोहा पहुंचे जहाँ शाम को उन्होंने कतर के ऊर्जा कार्य राज्य मंत्री और कतर एनर्जी के अध्यक्ष तथा सीईओ श्री साद शेरिदा अल-काबी से मुलाकात की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से कतर के आमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी और कतर के प्रधानमंत्री तथा विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी को शुभकामनाएं और एकजुटता एवं सहयोग का संदेश दिया।
श्री पुरी ने युद्ध शुरू होने के बाद मार्च में प्रधानमंत्री मोदी और कतर के आमीर के बीच हुई दो टेलीफोन वार्ताओं को याद किया, जिनमें दोनों नेताओं ने संवाद और कूटनीति के माध्यम से क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया था। श्री मोदी ने भारतीय समुदाय को कतर सरकार की ओर से देखभाल और सहयोग के लिए आमीर के प्रति आभार व्यक्त किया था।
उन्होंने कहा कि दोनों मंत्रियों ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा की, जिनमें उच्च स्तरीय बैठकें, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, संस्कृति और दोनों देशों के बीच जन-संपर्क शामिल हैं। उन्होंने क्षेत्र में शीघ्र शांति और स्थिरता की बहाली और भारत तथा कतर के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की आशा व्यक्त की।
कतर के मंत्री साद शेरिदा अल-काबी ने एक विश्वसनीय ऊर्जा आपूर्तिकर्ता बने रहने के लिए कतर की प्रतिबद्धता की पुष्टि की और भारत के साथ ऊर्जा संबंधों और सहयोग को जारी रखने तथा उसे और मजबूत करने की उम्मीद जताई।
दोनों मंत्रियों ने अमेरिका और इरान के बीच 8 अप्रैल को हुए दो सप्ताह के युद्धविराम समझौते का स्वागत किया। उन्होंने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान को जल्द से जल्द समाप्त करने और सामान्य स्थिति बहाल करने के महत्व पर बल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित