नयी दिल्ली , फरवरी 03 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि पुरानी दिल्ली का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गौरव पुनर्जीवित करना उनकी सरकार की प्रतिबद्धता है।
श्रीमती गुप्ता को शाहजहानाबाद रीडेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एसआरडीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में लोकनिवास से आदेश जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पुरानी दिल्ली के समग्र पुनर्विकास और विरासत संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। एसआरडीसी के माध्यम से पुरानी दिल्ली को आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
अध्यक्ष पद संभालने के बाद मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुरानी दिल्ली यानी 'वॉल्ड सिटी' का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गौरव पुनर्जीवित करना उनकी सरकार की प्रतिबद्धता है। शाहजहानाबाद केवल इलाका नहीं, बल्कि दिल्ली की समृद्ध विरासत और इतिहास की पहचान है। उन्होंने बताया कि पुरानी दिल्ली की संकरी गलियों में फैले बिजली के तारों को अंडरग्राउंड किया जाएगा, जिससे सुरक्षा बढ़ेगी और क्षेत्र की सुंदरता में भी सुधार होगा। साथ ही, बाजारों में लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए व्यापक 'ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान' तैयार किया जाएगा और मल्टी-लेवल पार्किंग सुविधाओं पर भी काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरानी दिल्ली ऐतिहासिक रिहायशी क्षेत्र है, जहां हर गली में इतिहास और विरासत की झलक मिलती है। सरकार का उद्देश्य इस विरासत को सहेजते हुए क्षेत्र का संतुलित विकास करना है। हवेलियों के संरक्षण के साथ-साथ कटरों और कूंचों को भी बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि एसआरडीसी ने पूर्व में भी पुरानी दिल्ली के विकास के लिए कई योजनाएं तैयार की थीं। इनमें चांदनी चौक का पुनर्विकास, जामा मस्जिद क्षेत्र, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग और दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक की सड़क का सौंदर्यीकरण शामिल है। इन सभी योजनाओं की दोबारा समीक्षा की जाएगी ताकि पुरानी दिल्ली को बड़े पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में पुरानी दिल्ली अपेक्षित विकास और बुनियादी सुविधाओं से वंचित रही। अब सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि सड़कों का निर्माण बिना किसी बाधा के हो, गलियों को दुरुस्त किया जाए, जर्जर सीवर व्यवस्था को सुधारा जाए और पेयजल की निर्बाध आपूर्ति के लिए स्पष्ट ब्लू प्रिंट तैयार किया जाए। पुरानी दिल्ली को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाना भी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित