फिरोजाबाद , फरवरी 03 -- फिरोजाबाद जिले में मक्खनपुर क्षेत्र के गांव जिजौली में 12 वर्षीय मयंक राजपूत की नृशंस हत्या के मामले में आरोपी पिता की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिजनों ने मंगलवार को सड़क पर धरना दिया।

मृतक की मां उर्मिला और अन्य परिजनों ने पुलिस से तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जा सका।

बताया गया कि सोमवार दोपहर राजेश राजपूत ने अपने ही पुत्र मयंक की हंसिया से काटकर हत्या कर दी और शव के टुकड़ों को संदूक में बंद कर फरार हो गया। स्कूल से लौटने पर मां उर्मिला ने घर में खून फैला देखा और संदूक खोलने पर बेटे का शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से खून से सना हंसिया और बोरा बरामद किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई, लेकिन वह गिरफ्त से बाहर है।

पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और उसी के चलते घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है। सीओ शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने परिजनों को जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित