बालोद , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम खल्लारी में एक हृदयविदारक घटना सामनेआयी है, जहां पुत्र की मौत के सदमे से उबर नहीं पाये एक पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतककी पहचान गांव के 40 वर्षीय नामदेव साहू के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, नामदेव साहू के 17 वर्षीय बेटे वेदप्रकाश की महज तीन महीने पहले मोबाइल फोनदेखते समय अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गयी थी। पुत्र की असमय मौत के बाद से ही नामदेव गहरे सदमे में थे। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, इस घटना के बाद से उनका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था।

शनिवार सुबह करीब नौ बजे पथर्री तालाब के पास एक पीपल पेड़ में नामदेव का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल के शवगृह भिजवाया।

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्थिर थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद दोपहर में गृह ग्राम खल्लारी में अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित