पुणे , जनवरी 15 -- महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने पुणे में स्थानीय नगर निकाय चुनावों में मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की उंगलियों पर लगी चुनावी स्याही को जानबूझकर मिटाने तथा फर्जी मतदान के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

सुश्री चाकणकर ने आरोप लगाया कि पुणे के कुछ इलाकों में मतदान के बाद लगाई गई स्याही को दोबारा मतदान कराने के लिए मिटाया जा रहा था। उन्होंने अपनी शिकायत में दावा किया कि कुछ महिलाएं इस तरह के काम में शामिल थीं।

शिकायत के मुताबिक वार्ड नंबर 34 में कई महिलाओं और यहां तक कि नाबालिगों ने भी कथित तौर पर लिक्विड या थिनर का इस्तेमाल करके अपनी उंगलियों से स्याही मिटाकर फिर से मतदान की कोशिश की। सुश्री चाकणकर ने खास तौर पर वार्ड नंबर 34 के तहत नरहे, वडगांव बुद्रुक और धायरी इलाकों की घटनाओं का ज़िक्र किया। अलग-अलग जगहों से कई शिकायतें भी मिली हैं कि मतदाताओं की उंगलियों पर लगी स्याही थिनर का इस्तेमाल करके हटाई जा सकती है।

जानकारी के अनुसार ऐसी ही एक घटना में धायरी फाटा के पास नारायणराव सनस विद्यालय पोलिंग बूथ के बाहर एक व्यक्ति कथित तौर पर वोट डालने के बाद अमिट स्याही मिटाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। खबर है कि उस व्यक्ति को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई।इसके अलावा वसई-विरार नगर निगम चुनावों के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) में खराबी की एक घटना सामने आई, जिससे कई मतदान केन्दों पर बड़ी दिक्कत हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित