पुणे , दिसंबर 29 -- शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (रांकापा-शरद) की ओर से गठबंधन को लेकर कोई जवाब नहीं मिलने के बाद सोमवार को आगामी पूणे नगर निगम चुनावों के लिए अपने गठबंधन की घोषणा की।

यह घोषणा कांग्रेस विधान परिषद समूह के नेता सतेज पाटिल और शिवसेना (उद्धव) के नेता सचिन अहीर ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में की।

उल्लेखनीय है कि रांकपा के दोनों गुटों को एक साथ लाने की कोशिशों के विफल होने के बाद महाविकास अघाड़ी के गठबंधन के दलों को एक साथ लाने की कोशिश चल रही थी। एक दिन पहले हालांकि रांकपा (शरद) के नेताओं के अचानक इन वार्ताओं से हटने के बाद, यह स्पष्ट हो गया है कि रांकपा के दोनों गुटों के फिर से एकजुट होने की संभावना है।

इस बीच गठबंधन की घोषणा के बाद, श्री अहीर ने राज्य स्तर पर सत्तारूढ़ महायुति का हिस्सा होने के बावजूद नगर निगम चुनाव अलग से लड़ने के रुख के लिए अजीत पवार के नेतृत्व वाले राकंपा पर कटाक्ष किया। उन्होंने इस दृष्टिकोण को '15 दिनों का अस्थायी तलाक' कहकर मजाक उड़ाया और आरोप लगाया कि यह गुट केवल चुनावों के दौरान अलग होने का दावा करता है ताकि बाद में सत्ता के लिए फिर से एकजुट हो सके।

श्री अहीर ने अजीत पवार को सार्वजनिक रूप से यह घोषणा करने की चुनौती दी कि यदि उनकी पार्टी नगर निगम में सत्ता हासिल करने में विफल रही, तो वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन नहीं करेगी।

सीटों के बंटवारे के शुरुआती चरण के अनुसार, कांग्रेस 60 वार्डों में उम्मीदवार उतारेगी, जबकि शिवसेना (उद्धव) 45 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सतेज पाटिल ने कहा कि सीटों के बंटवारे की अंतिम व्यवस्था और उम्मीदवारों की सूची देर रात घोषित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित