पुड्डुचेरी , मार्च 30 -- पुड्डुचेरी चुनाव कार्यालय ने आगामी नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए नकदी और उपहार सामग्री बांटने की गतिविधियों पर निगरानी के लिए पहली बार ड्रोन का उपयोग करने की व्यवस्था की है।
चुनाव विभाग की मतदाता जागरूकता शाखा और सामाजिक कल्याण विभाग द्वारा आयोजित 'युवा महोत्सव' में बोलते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी कुलोथुंगन ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर देते हुए पिछले छह महीनों से सभी मतदाताओं को बिना किसी चूक के अपना वोट डालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुड्डुचेरी से मृत और पलायन कर चुके लोगों को चिन्हित कर मतदाता सूची से हटा दिया गया है। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद एक सही और शुद्ध मतदाता सूची तैयार की गई है। एसआईआर अभियान से पहले यहां 8.55 लाख मतदाता थे, जो अब घटकर 7.93 लाख रह गए हैं। ये सभी मतदाता 9 अप्रैल को अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य का निर्वहन करेंगे। इस चुनावी प्रक्रिया के लिए 20,000 सरकारी कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं।
श्री कुलोथुंगन ने बताया कि चुनाव के लिए 20 कंपनी सीआरपीएफ और 28 केंद्रीय पर्यवेक्षक पुड्डुचेरी पहुंच चुके हैं। हर मतदान केंद्र पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित होगा और इन्हें बूथ में बनाई गई विशेष सुविधा में जमा कराना होगा।
उन्होंने बताया कि केवल पुड्डुचेरी जिले में ही 253 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। नौजवान मतदाताओं को अपने वोट डालने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि वे वोट नहीं डालेंगे तो भविष्य में सरकार द्वारा लिए जाने वाले फैसलों में उनका कोई प्रतिनिधित्व नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई उन्हें नकदी या उपहार दे तो वे तुरंत 1950 नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। फ्लाइंग स्क्वॉड तुरंत कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करेगी।
उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए 78 फ्लाइंग स्क्वॉड और 35 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। मंगलवार से पुड्डुचेरी में मतदाताओं को लुभाने के लिए नकदी और सौगात बांटने की गतिविधियों पर पहली बार ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
इस अवसर पर बोलते हुए एसएसपीओ (कानून और व्यवस्था) कलैवणन ने कहा कि वोट डालना हर नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसका सही उपयोग किया जाना चाहिए। अगले पांच वर्षों के लिए जनप्रतिनिधि चुनने के लिए सभी को अपने वोट का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे की लत से दूर रहें ताकि उनका शरीर स्वस्थ रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित