पुड्डुचेरी , अप्रैल 08 -- पुड्डुचेरी विधानसभा चुनाव के केंद्रशासित प्रदेश की सीमा से पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित तमिलनाडु सरकार के स्वामित्व वाली टीएएसएमएसी (तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन) शराब दुकानें तीन दिनों के लिए बंद रहेंगी।
प्रशासन पहले ही चुनाव के चलते पुड्डुचेरी में तीन दिन का ड्राई डे घोषित कर चुका है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर कुलोथुंगन ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि चुनाव ड्यूटी के लिए 78 फ्लाइंग स्क्वॉड, 40 स्थिर निगरानी दल और 50 वीडियो मॉनिटरिंग टीमें तैनात की गई हैं। अन्य राज्यों से सटे सभी सीमावर्ती क्षेत्रों में 35 स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। अंतिम चरण की निगरानी के तहत 36 अतिरिक्त फ्लाइंग स्क्वॉड और 30 दोपहिया फ्लाइंग टीमें भी तैनात की गई हैं।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर आवश्यक कदम उठाए गए हैं। मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए करीब 3,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें पुड्डुचेरी पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरफीएफ) और कर्नाटक पुलिस की विशेष टीम शामिल है।
श्री कुलोथुंगन ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक 69.99 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 61.38 लाख रुपये की शराब, 6.71 करोड़ रुपये के सोना-चांदी और 20 लाख रुपये के मादक पदार्थ भी बरामद किए गए हैं।आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में 38 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जबकि 443 बार, 83 अरक (देशी शराब) की दुकानें और 27 गोदाम सील किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों के पक्ष में प्रचार करने में शामिल पाए गए छह सरकारी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि पांच अन्य के निलंबन की सिफारिश की गई है। कुल मिलाकर 38 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से सात मामले मतदाताओं को नकद वितरण और आचार संहिता उल्लंघन से जुड़े हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित