पुडुचेरी , अप्रैल 07 -- चुनाव आयोग के उड़न दस्ते के अधिकारियों ने मंगलवार को उस हेलीकॉप्टर की तलाशी ली जिसमें तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार करने कराईकल क्षेत्र पहुंचे थे।

श्री अन्नामलाई कराईकल में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो में भाग लेने वाले थे। यहां नौ अप्रैल मतदान होना है।

चुनाव प्रचार समाप्त होने की समय सीमा आज शाम 5 बजे थी, इसलिए उन्होंने पुडुचेरी से कराईकल पहुंचने के लिए हेलीकॉप्टर लिया।

जब वे वरिचिकुडी पॉलिटेक्निक कॉलेज के मैदान में उतरे तो चुनाव उड़न दस्ते के अधिकारी वहां पहुंच गए और उन्होंने हेलीकॉप्टर की तलाशी ली।

तलाशी लगभग 20 मिनट तक चली। जब अधिकारियों को कुछ नहीं मिला तो श्री अन्नामलाई ने बाद में रोड शो में भाग लिया, क्योंकि प्रचार समाप्त होने वाला था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित