पुडुचेरी , मार्च 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 9 अप्रैल को होने वाले पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को अपने 9 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। सत्तारूढ़ ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) के साथ सीट बंटवारे के समझौते के तहत भाजपा को 10 सीटें मिली हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी सूची के अनुसार, मंत्री ए. नमस्सिवायम मन्नाडीपेट सीट से पुनः चुनाव लड़ेंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष एम्बलम आर. सेल्वम मणवेली सीट से फिर मैदान में उतरेंगे।
अन्य उम्मीदवारों में ई. थीप्पैनथन (ओस्सुदु-एससी), पी.एम.एल. कल्याणसुंदरम (कालापेट), भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी. पी. रामलिंगम (राज भवन), ए. जॉनकुमार (मुदलियारपेट), जी.एन.एस. राजशेखरन (तिरुनल्लार), टी.के.एस.एम. मीनाक्षीसुंदरम (कराईकल के नेरावी) और ए. दिनेशन (माहे) शामिल हैं। पार्टी ने बताया कि 10वें उम्मीदवार के नाम की घोषणा जल्द की जाएगी, क्योंकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि सोमवार है।
इस बीच, पूर्व मंत्री और ओस्सुदु सीट से मौजूदा विधायक साई सरवनकुमार ने टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। बताया गया है कि इस मुद्दे पर उनकी केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया से तीखी बहस भी हुई।
वहीं, पुडुचेरी के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री लक्ष्मीनारायणन, जिन्होंने राज भवन सीट से जीत हासिल की थी, इस बार चुनाव नहीं लड़ सकते क्योंकि यह सीट भाजपा को दी गई है। इसके अलावा, एक अन्य मंत्री थेनी जयकुमार को भी टिकट नहीं मिल पाया, क्योंकि मुख्यमंत्री और एआईएनआरसी संस्थापक अध्यक्ष एन. रंगासामी मंगालम सीट के साथ-साथ थट्टांचावडी से भी चुनाव लड़ रहे हैं।
श्री अरुण सिंह ने बताया कि भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य सदस्यों की उपस्थिति में हुई, जिसमें उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित