पुडुचेरी , मार्च 28 -- केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आगामी नौ अप्रैल को होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष ए.वी. सुब्रमण्यम ने शुक्रवार रात निजी कारणों और अपरिहार्य परिस्थितियों का हवाला देते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।

सुब्रमण्यम ने पीसीसी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद वी. वैथिलिंगम को भेजे अपने त्यागपत्र में स्पष्ट किया कि वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ वर्तमान में संभाल रहे सभी उत्तरदायित्वों को छोड़ रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में उनके इस कदम को उनके पुत्र शक्तिवेल प्रभु की उम्मीदवारी से जुड़े विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि श्री प्रभु ने कराईकल (दक्षिण) निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। चूंकि यह निर्वाचन क्षेत्र गठबंधन सहयोगी दल द्रमुक (डीएमके) को आवंटित किया गया था, इसलिए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें अपना नामांकन वापस लेने की सलाह दी थी। इसके बावजूद प्रभु ने पार्टी के निर्देशों को अनसुना कर दिया और वह कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में डटे हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित