पुडुचेरी , मार्च 28 -- पुडुचेरी में 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के बागी उम्मीदवार अब अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी के झंडों और पार्टी नेताओं की तस्वीरों के साथ प्रचार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को आवंटित 14 सीटों में से कांग्रेस के बागी उम्मीदवार 5 सीटों- राजभवन, कलापेट, थिरुभुवनाई, कराईकल (दक्षिण) और मंगलम पर चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा द्रमुक द्वारा अपने कोटे से वीसीके को दी गई उझावरकराई सीट पर भी बागी उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिन बागी उम्मीदवारों को पार्टी से निलंबित किए जाने की चेतावनी दी गई थी, वे भी हर घर जाकर वोट मांगते समय कांग्रेस के झंडों और पार्टी नेताओं की तस्वीरों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इन छह निर्वाचन क्षेत्रों में वोटों का बंटवारा होगा, जिससे द्रमुक उम्मीदवारों की जीत की संभावनाओं पर असर पड़ेगा।

इस बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष और सांसद वी. वैथिलिंगम ने एक आदेश जारी किया है कि बागी उम्मीदवार प्रचार के लिए पार्टी के झंडों और नेताओं की तस्वीरों का इस्तेमाल न करें और संबंधित क्षेत्रों में पार्टी के पदाधिकारी भी प्रचार के दौरान उनके साथ न जाएं।

शनिवार को हालांकि बागियों ने पार्टी के झंडों और नेताओं की तस्वीरों के साथ जोरदार प्रचार किया और उनके साथ कांग्रेस के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित