उदयपुर-अंबिकापुर , दिसंबर 23 -- आरआरवीयूएनएल की सीएसआर पहल के तहत आयोजित द्वितीय पीसीबी फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का भव्य समापन साल्ही खेल मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। 11 दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में 16 टीमों के कुल 240 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना, अनुशासन विकसित करना और फुटबॉल के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करना रहा।

मंगलवार को जिला पीआरओ से मिली जानकारी के मुताबिक फाइनल मुकाबला साल्ही और मेन्ड्रा टीम के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में साल्ही टीम ने 3-2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। निर्णायक गोल बालसाई द्वारा किया गया। विजेता साल्ही टीम को 61 हजार रुपये की नकद राशि और पीसीबी ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता मेन्ड्रा टीम को 41 हजार रुपये नकद और रनर-अप ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

फाइनल मैच को देखने के लिए करीब एक हजार दर्शक मैदान में मौजूद रहे। घाटबर्रा, परसा, बासेन, शिवनगर, जनार्दनपुर, तारा और फतेहपुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शक पहुंचे। समापन समारोह के दौरान ग्राम साल्ही की बालिकाओं ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को ड्रेस और फुटबॉल किट भी वितरित की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित