पीलीभीत , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एंटी करप्शन टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए वन विभाग के एक कर्मी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार माधोटांडा क्षेत्र के लालपुल बॉर्डर पर महोफ रेंज में तैनात न्यूनतम वेतन कर्मी संजीव कुमार पर रेत-बजरी लदे ट्रकों से अवैध वसूली का आरोप था। पिपरिया संतोष निवासी ट्रक चालक फैय्याज, जो उत्तराखंड से रेत-बजरी लाते हैं, ने इस संबंध में बरेली स्थित एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने गोपनीय जांच की। गुरुवार दोपहर लगभग 3:10 बजे ट्रैप प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में टीम ने लालपुल चेक पोस्ट पर छापा मारा और आरोपी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधोटांडा ले जाया गया। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर माधोटांडा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित