पीलीभीत , फरवरी 2 -- पीलीभीत जिले के पूरनपुर तहसील क्षेत्र के घुंघचिहाई थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक किसान पर बाघ ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

सिमराया तालुके घुंघचिहाई गांव निवासी 45 वर्षीय प्रेमराज खेत में गेहूं की रखवाली और बकरियां चरा रहे थे, तभी झाड़ियों में छिपे बाघ ने उन पर झपट्टा मार दिया और उन्हें नहर की पटरी की ओर खींच ले गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। दर्जनों लोगों को एक साथ आता देख बाघ घायल किसान को छोड़कर गन्ने के खेतों की ओर भाग गया। गंभीर रूप से घायल प्रेमराज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर एसडीएम पूरनपुर अजीत प्रताप सिंह और सीओ डॉ. प्रतीक दहिया ने अस्पताल पहुंचकर हालचाल लिया।

उधर, हाल ही में तेंदुए के हमले और बाघ की गतिविधियों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन्यजीवों की मौजूदगी की सूचना बार-बार देने के बाद भी विभाग गंभीर कदम नहीं उठा रहा है। वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित