पीलीभीत , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से मलबे में दबकर एक युवक की मौत हो गई। घटना में युवक की गर्दन कटने से अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार माधोटांडा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव महाराजपुर निवासी सूरज (20) के घर में निर्माण कार्य चल रहा था। मंगलवार पूर्वाह्न लगभग 10 बजे सूरज मकान के छज्जे के पास काम कर रहा था। इसी दौरान कंक्रीट का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया और वह मलबे के नीचे दब गया।

सूचना मिलते ही माधोटांडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटवाकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष माधोटांडा अशोक पाल ने बताया कि निर्माणाधीन मकान का हिस्सा गिरने से युवक की मौत हुई है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस बीच जिले में निर्माण कार्य के दौरान यह दो दिनों में दूसरी बड़ी घटना है। सोमवार को बरखेड़ा थाना क्षेत्र के डढ़िया भगत गांव में घर पर निर्माण कार्य के दौरान दरवाजे के ऊपर रखी कंक्रीट की भारी बीम गिरने से नन्हें लाल (42) और उनका पुत्र दीपक (18) मलबे में दबकर घायल हो गए थे।

ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां रास्ते में ही नन्हें लाल की मृत्यु हो गई, जबकि घायल दीपक को पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बरखेड़ा थाना प्रभारी प्रमेन्द्र कुमार ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित