पीलीभीत , फरवरी 3 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत-शाहजहांपुर हाईवे पर मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने गन्ने से लदी बैलगाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किसान और एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

बीसलपुर कोतवाली पुलिस के अनुसार ग्राम नसुल्लापुर निवासी हरीश (33) सुबह करीब चार बजे डनलप (बैलगाड़ी) पर गन्ना लादकर बीसलपुर चीनी मिल जा रहे थे। हाईवे पर जय गुरुदेव आश्रम के पास सामने से आ रहे लकड़ी लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डनलप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हरीश सड़क पर दूर जा गिरे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। बैलगाड़ी खींच रहे दो बैलों में से एक ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा घायल है।

कोतवाली प्रभारी संजीव शुक्ला ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। वाहन नंबर के आधार पर उसकी पहचान की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित