पीलीभीत , जनवरी 15 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में पूरनपुर बस्ती नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम को गढ़वाखेड़ा के पास ट्रक चालक ने ठेला सहित चाट खा रहे दो सगे भाई और उनके बच्चे सहित पांच को रौंद दिया। हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरे ने गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार जोगराजपुर गांव निवासी कपड़ा व्यापारी मोहम्मद अजीम (28) और उनके भाई मोहम्मद बख्श (40) पूरनपुर से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे। वे बच्चों के साथ सड़क किनारे चाट खाने के लिए रुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीलीभीत से खुटार की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के आगे चल रही एक डीसीएम ने अचानक दाहिनी ओर मोड़ लिया। इससे पीछे आ रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे चाट के ठेले को रौंदते हुए वहां खड़े लोगों पर चढ़ गया।

ग्रामीणों ने मौके पर भारी मशक्कत के बाद ट्रक को धक्का देकर नीचे दबे अजीम, बख्श और चाट विक्रेता शेखर (30) कोबाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद अजीम को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद मोहम्मद बख्श (40) ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में घायल बच्चे अमान (8) और जिलानी (7) का एक निजी चिकित्सक के पास उपचार हो रहा है।

पुलिस ने बताया ट्रक और डीसीएम चालक मौके से फरार हो गए। मृतक पुराने कपड़ों का व्यापार करते थे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने स्वयं इमरजेंसी वार्ड पहुंचकर घायलों के उपचार का जायजा लिया और परिजनों को ढांढस बंधाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित