पीलीभीत , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के गजरौला थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर नेशनल हाईवे-730 पर एक कार के खाई में पलटने से महाराष्ट्र के एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र के नागपुर निवासी अजय बंसल (40), उनकी पत्नी पायल बंसल (38) और पुत्री सनाया बंसल (12) कार से यात्रा कर रहे थे। यह परिवार शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र से लौटकर पंजाब जा रहा था कि गजरौला थाना क्षेत्र के बिठौरा कला और मुड़ेला कला के बीच तेज रफ्तार के कारण चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों घायलों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।

थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण वाहन से नियंत्रण खोना प्रतीत होता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के परिजनों को सूचना दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित