पीलीभीत , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में इंटरमीडिएट परीक्षा में एक विषय में अनुत्तीर्ण होने से आहत एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार ग्राम मुसेली निवासी संजीव कुमार के पुत्र अनुज कुमार ने यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद गुरुवार शाम अपना रिजल्ट देखा, जिसमें वह इतिहास विषय में फेल हो गया था। इससे वह गहरे तनाव में आ गया और बिना किसी को बताए घर से निकल गया।
परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह बीसलपुर-अमरा कासिमपुर मार्ग पर ग्राम बन्हाई के पास एक खेत में यूकेलिप्टिस के पेड़ से उसका शव लटका मिला। बताया गया कि अनुज ने अपनी ही शर्ट से फंदा बनाकर जान दे दी।
सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बीसलपुर कोतवाली इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित