पीलीभीत , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से गोदाम में लगी भीषण आग में शटर बंद होने के कारण अंदर सो रहे एक अधेड़ की दम घुटने से मृत्यु हो गई, जबकि नगर क्षेत्र में शुगर मिल के बाहर एक ट्रक धू-धू कर जल उठा। पुलिस के अनुसार घटना शनिवार सुबह कनकोर गांव में हुई। गांव निवासी कृष्ण कुमार के घर के बाहरी हिस्से में बने गोदाम में चंद्रसेन का पुत्र ओमकार (55) रात में सो रहा था। सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट होने से गोदाम में आग लग गई। शटर बंद होने के कारण भीतर धुआं भर गया और गहरी नींद में सो रहे ओमकार की दम घुटने से मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शटर तोड़कर आग पर काबू पाया और शव को बाहर निकाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस बीच नगर क्षेत्र में स्थित एलएचएसएफ शुगर मिल के बाहर मुख्य मार्ग पर एक ट्रक में अचानक आग लग गई। नगर कोतवाली पुलिस के अनुसार मिल से बाहर निकलते ही ट्रक के केबिन और इंजन से धुआं उठने लगा, जो कुछ ही देर में लपटों में बदल गया। प्रारंभिक जांच में वाहन की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है।
चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। फायर ब्रिगेड और पुलिस के पहुंचने से पूर्व स्थानीय लोगों ने पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित