कपूरथला , फरवरी 4 -- पंजाब कृषि विश्वविद्यालय द्वारा साल 2023 में जारी की गई ज़्यादा पैदावार वाली आलू की वैरायटी पीपी. 102 (पंजाब पोटैटो 102) किसानों के बीच तेज़ी से प्रसिद्ध हो रही है।

पंजाब के जिला कपूरथला और जालंधर आलू के बीज उत्पादन के लिए बहुत सही माने जाते हैं। इन ज़िलों में पैदा होने वाला बीज देश के अलग-अलग राज्यों में भेजा जाता है। इस वैरायटी के कंद आकार में अंडाकार से गोल, हल्के भूरे और क्रीमी पीले रंग के होते हैं। इसकी औसत पैदावार लगभग 184 क्विंटल प्रति एकड़ दर्ज की गई है।

बुधवार को यहां जारी अधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक पंजाब कृषि विश्वविद्यालय का एक्सटेंशन बेस कृषि विज्ञान केंद्र, कपूरथला ने 2024 और 2025 के दौरान कपूरथला और सुल्तानपुर ब्लॉक के किसानों के खेतों में पीपी 102 की लगभग 40 से 50 प्रदर्शनियां लगाईं। इस बारे में किसान गोष्ठियां और किसान खेत दिवस भी लगाए गए। फसल प्रदर्शनी के दौरान इस वैरायटी को किसानों से बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और इन प्रदर्शनियों के दौरान, कपूरथला ज़िले के प्रोग्रेसिव किसान इंदर सिंह (गांव बदिंदरपुर), मलकीत सिंह (गांव शेखूपुर) और जरनैल सिंह (गांव कमालपुर) ने इस फसल से पूरी तरह संतुष्ट दिखे। इन किसानों ने इस आलू वैरायटी से प्रति एकड़ 200 क्विंटल तक की अच्छी पैदावार हासिल की है।

कृषि विज्ञान केंद्र, कपूरथला में पीपी 102 बीज भी तैयार किया जाता है और साल 2024-25 के दौरान, किसानों को लगभग 150 क्विंटल बीज बेचा गया। किसानों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस साल भी पीपी. 102 बीज फिर से तैयार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित