धार , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के औद्योगिक नगर पीथमपुर में गर्मी के दौरान संभावित जल संकट से निपटने के लिए नगर पालिका ने रणनीति बनाकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष सेवंती सुरेश पटेल और सीएमओ निशिकांत शुक्ला ने शहर की प्रमुख पेयजल योजनाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले संजय जलाशय का दौरा किया, जो शहर की पेयजल आपूर्ति का मुख्य स्रोत है। इसके बाद टीम खलघाट पहुंची, जहां नर्मदा जल योजना के इंटकवेल का निरीक्षण किया गया। इसी स्थान से नर्मदा का पानी पीथमपुर के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता है।

अधिकारियों ने इंजीनियरों को निर्देश दिए कि मशीनों में मौजूद तकनीकी कमियों को तत्काल दूर किया जाए और पुरानी मशीनों को बदलकर नई तकनीक अपनाई जाए। साथ ही पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू और बाधारहित बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

नगर पालिका अध्यक्ष सेवंती पटेल ने कहा कि पीथमपुर एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है, जहां गर्मी के मौसम में भूजल स्तर काफी नीचे चला जाता है। उन्होंने बताया कि इस बार लक्ष्य टैंकरों पर निर्भरता कम करते हुए नलों के माध्यम से प्रत्येक घर तक नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार नगर पालिका प्रशासन पहले से ही सक्रिय हो गया है, ताकि भीषण गर्मी में नागरिकों को पानी के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित