गांधीनगर , फरवरी 02 -- देश के पेट्रोलियम और नेचर गैस मंत्रालय के मार्गदर्शन में, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) द्वारा अन्य तेल और गैस पीएसयू (बीपीसीएल, एचपीसीएल और जीएआईएल) के सहयोग से राष्ट्रव्यापी ईंधन संरक्षण अभियान 'सक्षम 2025-26' (संरक्षण क्षमता महोत्सव) के उद्घाटन समारोह गुजरात के गांधीनगर स्थित पंडित दीनदयाल एनर्जी यूनिवर्सिटी (पीडीईयू) में सोमवार को भव्य आयोजन किया गया ।
गुजरात सरकार के राज्य मंत्री (कानून और न्याय, ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल्स, विधायी और संसदीय मामले) कौशिक कांतिभाई वेकारिया ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पीडीईयू कैंपस से आधिकारिक तौर पर इस अभियान को हरी झंडी दिखाकर (फ्लैग-ऑफ) नागरिकों से ऊर्जा बचत और पर्यावरण सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। वर्ष 1991 से कार्यरत इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कच्चे तेल पर निर्भरता कम करना और टिकाऊ ऊर्जा समाधानों को बढ़ावा देना है। "तेल और गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ" के मंत्र के साथ यह जन जागरूकता अभियान एक फरवरी से 15 फरवरी तक पूरे राज्य में चलेगा।
इस पखवाड़े के दौरान पूरे गुजरात में साइक्लोथॉन, वॉकाथॉन और ग्रामीण स्तर पर 'एलपीजी पंचायत' जैसे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विशेष रूप से छात्रों, किसानों और परिवहन क्षेत्र के ड्राइवरों के लिए ईंधन बचत प्रशिक्षण और कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं। राज्य परिवहन (एसटी) के प्रत्येक डिपो पर 300 से अधिक ड्राइवरों को ईंधन-कुशल ड्राइविंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा, जनता तक संदेश पहुँचाने के लिए गुजरात के छह प्रमुख स्थानों पर ग्रैफिटी और वॉल पेंटिंग भी तैयार की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित