लखनऊ , जनवरी 19 -- राजभवन उत्तर प्रदेश की मेजबानी में सोमवार को अखिल भारतीय 86वें पीठासीन अधिकारियों एवं सचिवों के सम्मेलन में भाग लेने आए देश के विभिन्न प्रांतों के विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारियों, सचिवों तथा उत्तर प्रदेश सरकार के गणमान्य मंत्रिगण एवं विशिष्ट अतिथियों के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया गया। यह आयोजन विधानसभा, लखनऊ में आयोजित सम्मेलन के समापन अवसर पर संपन्न हुआ।

रात्रि भोज के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने देशभर से पधारे अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें राजभवन परिसर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया। अतिथियों ने राजभवन स्थित कलाकक्ष, अन्नपूर्णा कक्ष, स्टाम्प कक्ष, गांधी सभागार, तृप्ति कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया और राजभवन की सांस्कृतिक व ऐतिहासिक विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक संध्या विशेष आकर्षण रही। इस अवसर पर प्रसिद्ध बांसुरी वादक तथा अंतरराष्ट्रीय ग्रैमी पुरस्कार से सम्मानित राकेश चौरसिया ने बांसुरी वादन की मनोहारी प्रस्तुति दी। वहीं बनारस घराने के सुप्रसिद्ध भजन गायक, पद्म विभूषण पंडित साजन मिश्रा एवं पंडित राजन मिश्रा ने भक्तिमय भजनों के माध्यम से समूचे वातावरण को अध्यात्म और संगीत से सराबोर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम को अतिथियों द्वारा खूब सराहा गया।

इस रात्रि भोज कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के माननीय सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना, प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, नेता प्रतिपक्ष, जनप्रतिनिधिगण तथा देश के विभिन्न राज्यों से आए विधानमंडलों के सचिवगण उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित