जयपुर , मई 04 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को देश के विधान मण्डलों की समिति प्रणाली की समीक्षा के लिए गठित पीठासीन अधिकारियों की समिति की द्वितीय बैठक होगी।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने बताया कि कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में पूर्वाह्न 11 बजे समिति की बैठक होगी। बैठक की मेजबानी राजस्थान विधानसभा करेगी और बैठक के बाद आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान भोज में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी शामिल होंगे।
डॉ. देवनानी ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधानमण्डलों की समितियों को अधिक सक्षम बनाने के लिए समिति प्रणाली की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया था।
समिति की द्वितीय बैठक में छह राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष शामिल होंगे। समिति में राजस्थान सहित मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और पश्चिमबंगाल विधानसभाओं के अध्यक्षों को शामिल किया गया है। समिति की प्रथम बैठक भोपाल में हुई थी। समिति के सभापति मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर है। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी, उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, ओडीशा विधानसभा अध्यक्ष सूरमा पाढी और सिक्किम विधानसभा अध्यक्ष मिंगमा नोर्बू शेरपा इस समिति के सदस्य है।
डॉ. देवनानी ने बताया कि राजस्थान विधान सभा देश की सर्वश्रेष्ठ विधान सभा है। यहां के सदन को पेपरलैस बनाने के लिए डिजिटलाईजेशन किया गया है। सदन की प्रणाली को डिजिटल बनाया गया है। विधानसभा के प्रत्येक सदस्य की मेज पर टैब लगाया गया है ताकि सदस्य सदन से संबंधित प्रश्नों और कार्यवाही विवरण को ऑनलाइन देख सके। डॉ. देवनानी ने बताया कि विधान सभा के राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का भी अवलोकन कराया जायेगा। म्यूजियम में राज्य के समृद्ध और गौरवशाली इतिहास को डिजिटल रूप में प्रदर्शित किया गया है। म्यूजियम में संविधान दीर्घा और वंदे मातरम दीर्घा का भी निर्माण किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित