कोटा , मार्च 21 -- राजस्थान में वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा द्वारा आयोजित पीटीईटी में आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल तक बढ़ा दी गयी है।
समन्वयक प्रो. क्षमता चौधरी ने शनिवार को बताया कि अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि अब तक प्राप्त करीब 55 हजार आवेदनों में से 35 हजार महिला एवं 20 हजार पुरुष अभ्यर्थी हैं । सबसे अधिक आवेदन जयपुर जिले से प्राप्त हुए हैं।
सह समन्वयक डॉ रवि गुप्ता ने बताया कि 5500 अभ्यर्थियों ने अंग्रेजी माध्यम के प्रश्न पत्र की मांग की, शेष ने हिंदी माध्यम को चुना। सभी 41 जिलों में 14 जून को प्रस्तावित परीक्षा की तैयारी की जा रही हैं।
आयोजन समिति सदस्य डॉ संदीप हुड्डा ने बताया कि वर्तमान में अंतिम वर्ष की परीक्षा में सम्मिलित हो रहे विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को अंतिम काउंसलिंग दौर तक अपना परिणाम प्रस्तुत करना होगा। स्नातक या स्नातकोत्तर परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य योग्यता है। आरक्षित वर्गों को राज्य सरकार के नियमानुसार छूट देय हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित