मुरादाबाद , मार्च 07 -- प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज विज्ञानी डॉ. मुस्तकीम को शनिवार को नमाज-ए-जनाजा के बाद सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। उनका शुक्रवार शाम 63 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से पत्रकारिता जगत, राजनीतिक हलकों और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
डॉ. मुस्तकीम बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने क्रिकेट विषय पर डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की थी और विश्व स्तरीय हैंडराइटिंग प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान हासिल किया था। खेल जगत में भी उनकी पहचान रही और वे रणजी ट्रॉफी में रिजर्व विकेटकीपर के रूप में जुड़े रहे थे।
पत्रकारिता में उनकी ईमानदारी, कर्मठता और मूल्यों के प्रति निष्ठा के लिए उन्हें विशेष रूप से याद किया जाता है। मायावती सरकार के दौरान मुरादाबाद के चर्चित किडनी कांड में उनकी खोजी रिपोर्ट ने व्यापक सुर्खियां बटोरी थीं। नोएडा में शशांक शेखर की कोठी से जुड़ी उनकी एक महत्वपूर्ण खबर को तत्कालीन नेता मुलायम सिंह यादव ने विधानसभा में उठाया था, जिसके बाद मामले की जांच और कार्रवाई का रास्ता खुला।
राजनीति में भी उनकी गहरी रुचि थी। उन्होंने मुरादाबाद (पश्चिम) विधानसभा सीट से इनेलो के टिकट पर तथा बरेली-मुरादाबाद स्नातक सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधान परिषद का चुनाव भी लड़ा, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित