चंडीगढ़ , फरवरी 18 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बुधवार को होशियारपुर जिले में पंजाब स्टेट पॉवर कार्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के अटोवाल सब-डिविजनल ऑफिस में तैनात लाइनमैन को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया ।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी बलवीर सिंह (फौजी) को जिले के तनुली गांव के एक निवासी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होने बताया कि शिकायतकर्ता खेतीबाड़ी का काम करता है और उसने मीटर से अपने घर तक आने वाली बिजली की तार का रूट बदलवाने के लिए अर्जी दी थी। इस संबंध में शिकायतकर्ता आरोपी लाइनमैन से मिला, जिसने मीटर से उसके घर तक आने वाली बिजली की तारों का रास्ता बदलने के बदले पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत पर प्रारंभिक जांच के बाद, विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में, विजिलेंस ब्यूरो के पुलिस स्टेशन मोहाली में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित