देहरादून, दिसंबर 16 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित हुई कांग्रेस रैली में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र और स्तरहीन टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है।

देहरादून के गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक में मंगलवार को विजय दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि और सम्मान समारोह में प्रतिभाग करने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने पत्रकारों की तरफ से पूछे गए सवाल के जवाब मे कहा कि कांग्रेस अपने नेतृत्व के इशारे पर जिस तरह की भाषा का प्रयोग कर रही है, उसका ना तो राजनीति और ना ही समाज में कोई स्तर है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माता को लेकर टिप्पणी हों या फिर हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस रैली के दौरान पीएम मोदी के खिलाफ की गई अभद्र भाषा इस्तेमाल की गई हो, यह कांग्रेस की हताशा और निराशा को दर्शाता है। धामी ने कहा कि जिस तरह देश की जनता कांग्रेस पार्टी को बाहर का रास्ता दिखा रही है।

उसी हताशा और निराशा के परिणाम स्वरूप कांग्रेसी पीएम मोदी के लिए अनाप-शनाप शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भारत की संस्कृति के मूल्यों को भूलती जा रही है, और इस तरह के शब्दों का प्रयोग कर रही है।

कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली रैली में प्रधानमंत्री मोदी के लिए की गई टिप्पणियों के आरोपों को सिरे से नकारा है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश मुख्यालय में कहा कि कांग्रेस के मंचों से कभी भी किसी के लिए अभद्र भाषा का उपयोग नहीं किया जाता है।

मुख्यमंत्री जिस तथाकथित मामले को उकेरना चाहते हैं, उन्हीं की अपनी पार्टी कुछ लोगों को इकट्ठा करके रैलियों मे भेजती है,और उनसे प्रधानमंत्री तथा उनकी माता के खिलाफ अपशब्द बुलवाती है।

इसलिए यह कांग्रेस का नहीं बल्कि भाजपा द्वारा जनित काम है। बेहतर होता कि मुख्यमंत्री इस तरफ ध्यान न देकर प्रदेश के असल मुद्दों और ज्वलंत समस्याओं पर अपना ध्यान केंद्रित करते।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित