रायपुर , मार्च 19 -- छत्तीसगढ़ कैडर के 2016 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी रवि मित्तल को केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में डिप्टी सेक्रेटरी पद की जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति कैबिनेट की नियुक्ति समिति की स्वीकृति के बाद की गई है।
गुरुवार को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्ष की अवधि के लिए प्रभावी रहेगी या फिर अगली अधिसूचना तक लागू मानी जाएगी।
प्रशासनिक दृष्टि से यह पद बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि प्रधानमंत्री कार्यालय में डिप्टी सेक्रेटरी की भूमिका नीतिगत समन्वय और उच्च स्तर पर निर्णय प्रक्रिया को संचालित करने में महत्वपूर्ण होती है।
श्री मित्तल वर्तमान में जनसंपर्क आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह जशपुर जिले में कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचान बना चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित