देहरादून , दिसम्बर 17 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती देते हुये राज्य सरकार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) शक्तिफार्म को उच्चीकृत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) बना दिया है। शासन स्तर से इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।

इसके साथ ही सीएचसी संचालन के लिये आईएचएस मानकों के अनुरूप, विशेषज्ञ चिकित्सक, चिकित्साधिकारी, पैरामेडिकल स्टॉफ सहित प्राशसनिक संवर्ग के कुल 35 पदों का भी सृजन किया गया है। पीएचसी का सीएचसी में उच्चीकरण से स्थानीय स्तर पर आम लोगों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि राज्य सरकार प्रदेश की सेहत को लेकर फिक्रमंद है। सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार के लिये लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में सरकार ने ऊधमसिंह नगर जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को विस्तार देते हुये प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शक्तिफार्म (टाईप-ए) को 30 बिस्तरों का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उच्चीकृत कर दिया है। जिसके शासन स्तर से शासनादेश भी जारी कर दिये गये हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि 30 बिस्तरों का सीएचसी में आईपीएचएस मानकों के अनुरूप कुल 32 पद सृजित किये गये हैं। जिसमें 20 नियमित तथा 12 आउटसोर्स के पद शामिल हैं। सरकार द्वारा नवसृजित पदों में चिकित्सा अधीक्षक, जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ , जनरल सर्जन, फिजिशियन, स्त्रीरोग विशेषज्ञ, बालरोग विशेषज्ञ, निश्चेतक, दंत शल्यक के एक-एक पद शामिल हैं जबकि पीएचसी में पूर्व में सृजित चिकित्सा अधिकारी के एक पद को सीएचसी में समायोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा पैरामेडिकल संवर्ग में आठ, प्रशासनिक संवर्ग में तीन, तथा 12 आउटसोर्स के पदों को सृजित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित