हरिद्वार , जनवरी 28 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में पिरान कलियर दरगाह में गरीबों के लिए कंबल खरीद के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी कलीम ने इस संबंध में बुधवार को जिलाधिकारी हरिद्वार को शिकायती पत्र सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने पत्र में बताया कि जिलाधिकारी द्वारा पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी किए जा चुके हैं कि दरगाह से संबंधित किसी भी प्रकार की खरीदारी केवल ऑनलाइन जीईएम पोर्टल के माध्यम से की जाए, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। इसके बावजूद दरगाह कार्यालय पर इन आदेशों की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया है।
आरोप है कि वक्फ बोर्ड के एक बड़े अधिकारी के इशारे पर चहेते व्यक्ति के माध्यम से करीब दो लाख 50 हजार रुपये के कंबल खरीदे गए, जबकि इन कंबलों की वास्तविक बाजार कीमत लगभग एक लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। शिकायत में बिलों में दोगुनी राशि दर्शाने और सरकारी धन की बंदरबाट का गंभीर आरोप लगाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित