पिथौरागढ़ , मार्च 31 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर अब शहर को सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी और वे गैस वितरण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

प्रशासन के अनुसार नगर क्षेत्र को आठ सेक्टरों में बांटा जाएगा और प्रत्येक सेक्टर में पांच वार्ड शामिल होंगे। हर सेक्टर में नियुक्त मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करेंगे कि गैस वितरण पारदर्शी, समयबद्ध और बिना किसी अनियमितता के हो।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि गैस की कालाबाजारी, घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायत मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। प्रशासन के अनुसार, इस नई व्यवस्था से आम लोगों को समय पर गैस उपलब्ध होगी और कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुश लगेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित