पिथौरागढ़ , मार्च 24 -- उत्तराखंड की पिथौरागढ़ पुलिस ने पड़ोसी की हत्या के आरोप में मां और उसके तीन बेटों को मंगलवार को गिरफ्तार किया।

घटना कोतवाली जौलजीबी क्षेत्र के ग्राम किमखोला की है। जहां दो दिन पहले आपसी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मृतक की पत्नी रेखा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनके पति कुन्दन सिंह रजवार की पड़ोसियों-बसंती देवी, उसके पुत्र रमेश सिंह, जनक सिंह और प्रदीप सिंह ने लोहे की पाइप से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

यह भी बताया कि आरोपी शव को लेकर जंगल की ओर गायब हो गए हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 22 मार्च की शाम मारपीट के दौरान कुन्दन सिंह की मौत हो गई। इसके बाद घटना को छिपाने के लिए उन्होंने शव को झिपुखोला गधेरा में ले जाकर पत्थरों और मिट्टी के नीचे दबा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जंगल से शव बरामद कर लिया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अभियोग की धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित