पिथौरागढ़ , जनवरी 24 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी राजेश राम पिथौरागढ़ के मूनाकोट के कानड़ी गांव का निवासी है और वर्तमान में जाखनी क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहा है। यह भी पता चला है कि आरोपी राजेश राम महाराष्ट्र में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है और लगभग एक सप्ताह पहले अवकाश पर घर आया।

बताया जा रहा है कि आज सुबह राजेश राम और उसकी पत्नी नीलम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चाकू से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। नीलम की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंचा और घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच में जुट गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित