पिथौरागढ़ , मई 02 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के समग्र विकास के लिए वर्ष 2026-27 की जिला योजना को 7173.70 लाख रुपये के परिव्यय के साथ मंजूरी दे दी गई है।
योजना को प्रभारी मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में अनुमोदित किया गया, जिसमें रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन को प्राथमिकता दी गई।
योजना के तहत कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन और सहकारिता क्षेत्रों में बजट बढ़ाया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा ग्राम पंचायतों में फसलों की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, बकरी पालन यूनिट, कुक्कुट पालन सहायता जैसी योजनाएं शामिल की गई हैं।
भौतिक अवसंरचना के अंतर्गत सड़कों, पुल-पुलियों के निर्माण व मरम्मत, नई पेयजल योजनाओं और ऊर्जा क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया गया है। वहीं सामाजिक क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और युवा कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। आजीविका क्षेत्र में रोजगारपरक योजनाओं के विस्तार पर खास जोर रहेगा।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी ने जिला योजना में महिला अस्पताल में लिफ्ट स्थापना का प्रस्ताव शामिल होने की जानकारी दी, जिसे बजट मिलते ही शुरू कर वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि योजनाओं को क्लस्टर आधारित दृष्टिकोण के साथ लागू किया जाए और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से शीघ्र पूरा करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में बिशन सिंह चुफाल, फकीर राम टम्टा सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने योजना के पारदर्शी क्रियान्वयन और लाभों को शीघ्र जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित