पिथौरागढ़ , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में जल्द ही हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारत नेट परियोजना के तहत जिले में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और सर्वेक्षण अंतिम चरण में पहुंच गया है।
परियोजना की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई के साथ बुधवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान दूरसंचार विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक अरुण कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि पिथौरागढ़ जिले के आठ विकासखंडों में से सात में सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है जबकि धारचूला ब्लॉक में कार्य तेजी से जारी है।
उन्होंने बताया कि जिले की करीब 61 ग्राम पंचायतों में नेटवर्क से जुड़ी समस्याएं-जैसे क्षतिग्रस्त या अनुपलब्ध ढांचा-सामने आई हैं, जिनके समाधान के लिए प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता है। इस पर जिलाधिकारी ने हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया, ताकि परियोजना को तय समय में पूरा किया जा सके।
बैठक में अधिकारियों ने परियोजना के सुचारु क्रियान्वयन, शेष कार्यों की गति बढ़ाने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विस्तार से चर्चा की।
गौरतलब है कि भारतनेट परियोजना के माध्यम से देश के गांवों को उच्च गति ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाएं, ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन शिक्षा और टेलीमेडिसिन जैसी सुविधाएं सुलभ होंगी।
बैठक में उप महानिदेशक राजीव बंसल, निदेशक लवी गुप्ता सहित परियोजना से जुड़े अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सर्वेक्षण पूरा होते ही जल्द ही गांव-गांव तक इंटरनेट सेवा पहुंचने लगेगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित