अंबिकापुर , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के खरखीरी गांव में शनिवार को शराब के नशे में धुत कलयुगी पिता ने अपने ही पुत्र पर तीर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक के पेट में तीर लगने से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना दरिमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खरखीरी गांव की है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता शराब के नशे में था और किसी बात को लेकर उसका पुत्र से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पिता ने धनुष पर तीर चढ़ाकर अपने ही बेटे पर छोड़ दिया। तीर सीधे युवक के पेट में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल घायल युवक को अंबिकापुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता और घायल पुत्र दोनों ही पहाड़ी कोरवा जनजाति से संबंध रखते हैं। घटना की सूचना मिलते ही दरिमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी अक्सर शराब के नशे में विवाद करता था, जिससे परिवार में तनाव की स्थिति बनी रहती थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

आरोपी पिता के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित