महोबा , जनवरी 20 -- उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले के अजनर क्षेत्र में मंगलवार को धारदार हथियारों से लैस बाइक सवार दबंगों ने एक युवक की चाक़ूओं से गोद कर हत्या कर दी। घटना मे बीच बचाव करने पहुंचे मृतक के भाई सहित चार अन्य लोगों को भी दबंगों ने बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। पुलिस उप अधीक्षक रविकान्त गौड़ ने बताया कि लेवा गाँव मे 13 दिन पहले बीमारी के चलते राम कृपाल की मौत हो गयी थी. जिससे परिवार शोक का माहौल था ओर सभी लोग आज आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम की तैयारियो मे व्यस्त थे। मृतक राम कृपाल का बेटा विकास (27) कोई सामान लेने गांव मे ही जा रहा था. उसके घर से बाहर निकलते ही एकाएक हथियारों से लैस तीन दबंग युवकों ने उस पर हमला बोल दिया और चाकुओं से गोद कर उसे मार डाला। विकास पर हमला होते देख उसका भाई और अन्य लोग बचाने को दौड़े तो दबंगो ने उन पर भी प्रहार किये. जिससे पांच अन्य घायल हुए।

पुलिस उप अधीक्षक ने बताया कि दबंगो के हमले मे अनिल,प्रदीप,आकाश, दीपू व विकास के चाचा सूरजन सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इन सभी को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।आकाश की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों द्वारा उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रिफ़र किया गया है। सरेआम हुयी इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए है। पिता की तेरहवीं के दिन हुई पुत्र की हत्या होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची है ओर मामले की जांच पड़ताल शुरू की है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित