जोधपुर , फरवरी 27 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है और भारत की सामरिक शक्ति में जबरदस्त इजाफा हुआ है, वहीं रक्षा साजो-सामान के स्वदेशी निर्माण की क्षमता भी तेजी से बढ़ी है। श्री शेखावत शुक्रवार सुबह दिल्ली से जोधपुर पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब भारत रक्षा क्षेत्र में दुनिया के सबसे बड़े आयातकों में गिना जाता था, लेकिन अब देश निर्यातक बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। तेजस लड़ाकू विमान से लेकर मिसाइल और बुलेटप्रूफ जैकेट तक, आज सब कुछ भारत में ही निर्मित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की मौजूदगी में होने वाला वायुसेना का प्रदर्शन देश की उच्चतम सैन्य क्षमता का परिचायक होगा। सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह का आयोजन होने से वहां रहने वाले लोगों का भारत की ताकत और क्षमता पर भरोसा और मजबूत होगा। आतंकवाद के मुद्दे पर श्री शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनायी है। यह नीति वैश्विक स्तर पर लागू होती है। उन्होंने कहा कि आज वे देश भी आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपना रहे हैं, जो पहले इसे बढ़ावा देते रहे हैं।

श्री शेखावत ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर भी कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पश्चिम बंगाल में टीएमसी का सुपड़ा साफ हो जाएगा। यह भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि पश्चिम बंगाल समेत किसी भी राज्य में एक भी घुसपैठिए को नहीं रहने दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित