अलवर , जनवरी 28 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के सरुण्ड थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंदिर, दुकानों और घरों से चोरी करने वाले एक सक्रिय 'पिकअप गिरोह' का भंडाफोड़ करते हुए दो मुख्य सदस्यों को चोरी की पिकअप गाड़ी सहित पकड़ने में सफलता हासिल की है।
पुलिस की इस कार्रवाई से जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई करीब 15 चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई ने बुधवार को बताया कि 15 जनवरी को रात में पाथेरड़ी गांव के मालैरा जोहड़ मंदिर में चोरी हुयी थी। चोर स्टोर रूम का ताला तोड़कर रसोई के बड़े बर्तन और अन्य सामान पिकअप में लादकर ले गये थे।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान धौलाराम उर्फ धोलू (23) और मनीष भार्गव (20) के रूप में हुई है, जो दांतिल गांव के निवासी हैं। पूछताछ में सामने आया कि ये अपराधी दिन में कबाड़ खरीदने के बहाने रेकी करते थे और रात के अंधेरे में पिकअप गाड़ी लेकर धावा बोलते थे। इनका मुख्य निशाना मंदिर, धर्मशालाएं, ट्रांसफार्मर और दुकानें होती थीं। ये चोरी का सामान बेचकर आपस में पैसे बांट लेते थे।
आरोपियों ने पिछले एक वर्ष में कोटपूतली, बहरोड़, नीमकाथाना और सीकर जैसे इलाकों में पीतल के बर्तन, टायर, गैस सिलेंडर, भट्टी और ट्रांसफार्मर से तांबा चोरी करने की बात कुबूल की है। मुख्य आरोपी धौलाराम के खिलाफ आबकारी अधिनियम और चोरी के मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित