नयी दिल्ली , फरवरी 08 -- दिल्ली में 360 खाप पालम के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत चौधरी किशन चंद सोलंकी की देसोरी कारज आठ मार्च को पालम के मेला मैदान में आयोजित की जाएगी।
इस सिलसिले में रविवार को पालम स्थित दादा देव मंदिर में महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता 360 खाप पालम के अध्यक्ष चौधरी राम कुमार ने की। इसमें दिल्ली देहात की विभिन्न खापों के प्रधानों ने भाग लिया, जिनमें महरौली खाप-96, तिहाड़ खाप, लोआ खाप सहित अन्य खापों के प्रतिनिधि शामिल थे।
महापंचायत में श्री सोलंकी की देसोरी कारज आठ मार्च को पालम के मेला मैदान में आयोजित करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। इस अवसर पर श्री कुमार ने समाज से अपील की कि शादियों में शराब परोसने की प्रथा को पूर्ण रूप से बंद किया जाए, जिसका खापों के प्रधानों ने एकमत होकर समर्थन किया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए दिल्ली कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि श्री सोलंकी एक अत्यंत ईमानदार, सरल और न्यायप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होंने जीवनभर समाज को न्याय दिलाने का कार्य किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार से श्री सोलंकी के सम्मान में किसी प्रमुख सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित